देहरादून ,
प्रधानमंत्री Narendra Modi का उत्तराखंड दौरा लगभग तय माना जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को उत्तराखंड आ सकते हैं। इस दौरान वे दिल्ली–देहरादून ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। संभावना जताई जा रही है कि कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath भी मौजूद रह सकते हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करने के साथ ही एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर शासन और प्रशासन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। संभावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गणेशपुर गांव पहुंचेंगे, जहां से दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस-वे के एलिवेटेड रोड का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे उसी मार्ग से देहरादून स्थित महिंद्रा ग्राउंड पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने कहा कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री का देहरादून आना प्रस्तावित है। इस अवसर पर वे दिल्ली–देहरादून ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रदेश में उत्साह का माहौल है और देशभर के लोग चाहते हैं कि प्रधानमंत्री उत्तराखंड आकर विकास की विभिन्न योजनाओं को जनता को समर्पित करें।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद राज्य में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाएं शुरू हुई हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सीमांत क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया है और कई ऐसे क्षेत्रों का दौरा किया है, जहां पहले कोई भी प्रधानमंत्री नहीं गया था।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के अंतिम गांव माने जाने वाले माणा गांव को प्रधानमंत्री ने देश का “प्रथम गांव” कहा। इसके साथ ही उन्होंने मां गंगा के मायके हर्षिल पहुंचकर शीतकालीन यात्रा को भी बढ़ावा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के समय भी प्रधानमंत्री ने प्रदेश की जनता के बीच पहुंचकर उनका हौसला बढ़ाया। अब एक बार फिर प्रधानमंत्री के उत्तराखंड आगमन को लेकर लोगों में उत्साह है।
