देहरादून ,
भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सतर्कता विभाग ने मंगलवार को बड़ा एक्शन लिया। सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने शिक्षा विभाग के एक अधिकारी को ₹1 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा अधिकारी
सतर्कता विभाग की ट्रैप टीम ने 1 अप्रैल 2026 को जाल बिछाकर आरोपी धनवीर सिंह बिष्ट को गिरफ्तार किया। वह वर्तमान में उप शिक्षा अधिकारी और प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी, डोईवाला (जनपद देहरादून) के पद पर तैनात था।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने शिकायतकर्ता से ₹1,00,000 की रिश्वत मांगी थी। यह रकम ऋषिकेश स्थित गंगा वैली जूनियर हाईस्कूल में शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत पढ़ रहे छात्रों की फीस प्रतिपूर्ति के बिल पास कराने के बदले मांगी जा रही थी।
महिला सहयोगी भी गिरफ्तार
इस मामले में केवल अधिकारी ही नहीं, बल्कि उसकी सहयोगी के रूप में एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार महिला की पहचान पुष्पांजलि, निवासी डालनवाला (देहरादून) के रूप में हुई है। वह ऋषिकेश के गुमानीवाला स्थित उत्तरांचल मॉडर्न स्कूल से जुड़ी बताई जा रही है।
ट्रैप टीम ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता विभाग की टीम ने पूरी योजना के साथ ट्रैप लगाया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
