देहरादून पुलिस का ‘ऑपरेशन नाइट वॉच’: 23 वाहन चालकों पर चालान, 5 हुड़दंगी गिरफ्तार – uttarakhandawaaz.in

देहरादून पुलिस का ‘ऑपरेशन नाइट वॉच’: 23 वाहन चालकों पर चालान, 5 हुड़दंगी गिरफ्तार

देहरादून ,

देहरादून में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और रात्रि में हुड़दंग करने वालों पर नकेल कसने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन नाइट वॉच” के तहत व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 23 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹11,500 का जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान 1380 से अधिक वाहनों की जांच की गई, जबकि 1420 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ कर आवश्यक सत्यापन किया गया। रात्रि में अनावश्यक रूप से घूम रहे 300 से अधिक व्यक्तियों से भी पूछताछ की गई, जिनमें से 48 संदिग्धों को थाने लाया गया।

पुलिस ने 25 व्यक्तियों के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान कर ₹12,500 का जुर्माना लगाया। वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वाले 5 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने वाले 16 लोगों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को सीज किया गया। साथ ही हूटर, काले शीशे और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 14 अन्य वाहनों को भी सीज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि के समय सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाते रहें और विशेष रूप से हुड़दंग करने वाले युवकों व छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय और कॉलेज के नाम पर रात में अनावश्यक रूप से घूमने, हुड़दंग करने या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित छात्रों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, साथ ही आवश्यक होने पर संबंधित शिक्षण संस्थानों से उनके निष्कासन की भी संस्तुति की जाएगी।

पुलिस द्वारा नगर से लेकर देहात तक लगातार स्थान बदल-बदल कर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिससे संदिग्ध व्यक्तियों और अराजक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *