देहरादून ,
देहरादून के थाना बसंत विहार क्षेत्र में दून पुलिस की सतर्कता और तत्परता से एक 4 वर्षीय बालक को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया गया। यह मासूम खेल-खेल में घर से भटक गया था और देर रात अकेले घूमता हुआ पुलिस टीम को मिला।
ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मियों ने जब बालक को अकेले देखा तो आसपास उसके परिजनों की तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बच्चे की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे थाने लाया गया। बालक काफी छोटा होने के कारण अपने घर या परिवार के बारे में कुछ भी नहीं बता पा रहा था।
इसके बाद पुलिस ने बच्चे के परिजनों की तलाश के लिए सोशल मीडिया और व्हाट्सएप का सहारा लिया। प्रयास सफल रहा और कुछ ही समय में बच्चे की माता थाना बसंत विहार पहुंच गईं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा दोपहर में खेलते-खेलते घर से निकल गया था और काफी खोजबीन के बावजूद नहीं मिल पाया था।
आवश्यक पूछताछ के बाद पुलिस ने बच्चे को सकुशल उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और दून पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।