देहरादून ,
राजधानी देहरादून से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। राजपुर रोड स्थित Silver City Mall के पास जिम से बाहर आ रहे प्रॉपर्टी डीलर विक्रम शर्मा की तीन अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात एसएसपी आवास से महज लगभग 500 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विक्रम शर्मा जिम से निकलकर अपनी गाड़ी की ओर बढ़ रहे थे, तभी घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
अजय सिंह (एसएसपी देहरादून) स्वयं घटनास्थल पर मौजूद हैं और पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं—आपसी रंजिश, प्रॉपर्टी विवाद या अन्य कारणों—की गहन जांच की जा रही है।
राजधानी में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।