पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड में 77वां गणतंत्र दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया, डीजीपी ने किया ध्वजारोहण

देहरादून ,

गणतंत्र दिवस–2026 के अवसर पर पुलिस मुख्यालय, उत्तराखण्ड देहरादून में आयोजित भव्य समारोह में पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड श्री दीपम सेठ ने ध्वजारोहण कर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक द्वारा फायर स्टेशन टनकपुर, जनपद चम्पावत को बेस्ट फायर स्टेशन ट्रॉफी प्रदान की गई। साथ ही गणतंत्र दिवस–2026 के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को “डीजीपी डिस्क गोल्ड” एवं “डीजीपी डिस्क सिल्वर” से सम्मानित कर बधाई दी गई।

अपने संबोधन में पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने कहा कि आज हम अपने महान संविधान के प्रति श्रद्धा और निष्ठा के साथ देश का 77वां गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। यह वर्ष उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की रजत जयंती का भी साक्षी है। बीते 25 वर्षों में उत्तराखण्ड पुलिस ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व के मूल्यों से प्रेरणा लेकर कानून के प्रभावी पालन एवं मानवाधिकारों के संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखा है।

उन्होंने गणतंत्र दिवस–2026 के अवसर पर माननीय राष्ट्रपति द्वारा प्रदत्त विशिष्ट एवं सराहनीय सेवा पदक, माननीय राज्यपाल उत्कृष्ट सेवा पदक तथा पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क से अलंकृत समस्त पुलिस कार्मिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। डीजीपी ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि आपदा राहत एवं बचाव, कानून-व्यवस्था, विवेचना, साइबर अपराध, मादक पदार्थों की रोकथाम तथा खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया है।

पुलिस महानिदेशक ने बताया कि इस वर्ष पहली बार चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को सम्मानित करने की परंपरा प्रारंभ की गई है, जो पर्दे के पीछे रहकर विभाग की कार्यक्षमता को सुदृढ़ बनाए रखते हैं। उन्होंने इसे श्रम और सेवा का सच्चा सम्मान बताया।

समारोह की एक विशेष उपलब्धि के रूप में उन्होंने कहा कि प्रशिक्षणाधीन सहायक पुलिस अधीक्षक को संचालक एवं प्रशिक्षणाधीन पुलिस उपाधीक्षक को परेड कमांडर की जिम्मेदारी सौंपी गई, जिससे युवा अधिकारियों के नेतृत्व कौशल को प्रोत्साहन मिलेगा।

डीजीपी ने जानकारी दी कि इस वर्ष विभाग में विभिन्न रैंकों और संवर्गों में कुल 1106 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध पदोन्नति का लाभ दिया गया है। उन्होंने सभी पदोन्नत कार्मिकों को शुभकामनाएँ दीं। साथ ही रजत जयंती के अवसर पर भूतपूर्व एवं सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों का विशेष रूप से अभिनंदन किया।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखण्ड पुलिस भविष्य में भी अनुशासन, उच्च व्यावसायिक दक्षता और जनसेवा की भावना के साथ राज्य की सुरक्षा एवं संविधान की गरिमा के लिए अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखेगी।

इस अवसर पर श्री अभिनव कुमार, महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा, श्री वी. मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून-व्यवस्था, श्री ए.पी. अंशुमान, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन सहित समस्त पुलिस महानिरीक्षक, उप महानिरीक्षक एवं पुलिस मुख्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

मीडिया सेल, पुलिस मुख्यालय, उत्तराखण्ड

One thought on “पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड में 77वां गणतंत्र दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया, डीजीपी ने किया ध्वजारोहण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *