अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर 11 जनवरी को प्रस्तावित उत्तराखंड बंद को व्यापार मंडलों का समर्थन नहीं

जबरन बंद कराने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : एसएसपी देहरादून

देहरादून ,

अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच की मांग को लेकर विभिन्न राजनीतिक एवं गैर-राजनीतिक संगठनों द्वारा दिनांक 11 जनवरी 2026 को उत्तराखंड बंद का आह्वान किया गया है। इस प्रकरण में सीबीआई जांच की संस्तुति किए जाने के उपरांत, विभिन्न व्यापार मंडलों एवं टैक्सी/बस यूनियनों ने विधिसम्मत कार्रवाई प्रचलित होने के दृष्टिगत उक्त बंद को समर्थन न देने का निर्णय लिया है तथा अपने कार्यों को सामान्य रूप से संचालित रखने की घोषणा की है।

व्यापारिक संगठनों एवं परिवहन यूनियनों ने बंद के आह्वान के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जबरदस्ती उनके कार्यों को बाधित किए जाने की आशंका जताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून से पुलिस सुरक्षा की मांग की है।

इस संबंध में एसएसपी देहरादून ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का प्रदर्शन शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक दायरे में किया जाए। यदि किसी व्यक्ति या समूह द्वारा जबरन बाजार बंद कराने, सार्वजनिक वाहनों को रोकने अथवा कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया जाता है, तो उसके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *