देहरादून ,
डालनवाला क्षेत्र में स्थित एक बेकरी में आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त को दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आगजनी की इस घटना का सूत्रधार बेकरी में कार्यरत पूर्व कर्मचारी ही था, जिसने द्वेष और बदले की भावना से इस वारदात को अंजाम दिया।
थाना डालनवाला पर दिनांक 06 जनवरी 2026 को वादी शुभम महेश्वरी पुत्र श्री प्रदीप महेश्वरी, निवासी 91/92 ओल्ड डालनवाला, देहरादून द्वारा एक लिखित तहरीर दी गई। तहरीर में बताया गया कि रात्रि के समय करनपुर बाजार स्थित उनकी दुकान महेश्वरी बेकर्स में अभिषेक कुमार नामक व्यक्ति ने आग लगा दी, जिससे दुकान को भारी नुकसान हुआ। साथ ही अभियुक्त द्वारा शॉप में मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए दून पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर घटना को अंजाम देने वाले युवक अभिषेक कुमार को 24 घंटे के भीतर भगत सिंह कॉलोनी, एमडीडीए क्षेत्र के पास संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त अभिषेक कुमार ने स्वीकार किया कि वह कुछ समय पहले महेश्वरी बेकर्स में कार्यरत था। बेकरी के अन्य कर्मचारियों से विवाद होने के बाद बेकरी मालिक ने उसे नौकरी से निकाल दिया था। इसी बात से नाराज होकर और द्वेष भावना के चलते उसने बदला लेने की नीयत से रात्रि में बेकरी में आगजनी की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस द्वारा अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।