पांवटा साहिब में गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव पर भव्य नगर कीर्तन का आयोजन – uttarakhandawaaz.in

पांवटा साहिब में गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव पर भव्य नगर कीर्तन का आयोजन

पांवटा साहिब, ((हरबख्श सिंह))
दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की पावन चरण-छोह प्राप्त भूमि पांवटा साहिब में गुरु साहिब के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में एक भव्य एवं श्रद्धापूर्ण नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। यह नगर कीर्तन गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब की प्रबंधक कमेटी द्वारा अत्यंत भव्य एवं अनुशासित ढंग से आयोजित किया गया।

नगर कीर्तन में क्षेत्र की विभिन्न संगतों के साथ-साथ नगर के सभी स्कूलों के विद्यार्थियों ने भारी संख्या में उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लेकर संगतों को निहाल किया। अनेक बैंड वाद्यों द्वारा गुरबाणी की पंक्तियों पर आधारित धुनें बजाई गईं, जिससे पूरे नगर का वातावरण पवित्र और आध्यात्मिक हो गया।

दोपहर ठीक एक बजे फूलों से सजी पालकी साहिब में सुशोभित श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन छत्रछाया में, पंच प्यारों की अगुवाई में तथा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों, क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों और भारी संख्या में उपस्थित संगत की सहभागिता से नगर कीर्तन जयकारों की गूंज के साथ आरंभ हुआ। इस दौरान गतका फेडरेशन के सिंहों द्वारा गुरु गोबिंद सिंह जी की लाडली फौज के शौर्य का प्रदर्शन करते हुए गतका कौशल का शानदार प्रदर्शन किया गया, जिसने संगतों का मन मोह लिया।

नगर कीर्तन दरबार श्री पांवटा साहिब से प्रारंभ होकर नगर का भ्रमण करता हुआ सायं 5:30 बजे पुनः दरबार साहिब में संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में अनेक स्थानों पर संगतों द्वारा सेवा के रूप में दूध, पकौड़े, चाय, कॉफी, खीर सहित विभिन्न प्रकार के प्रसाद वितरित किए गए। संगतों ने दशमेश पिता की कृपा प्राप्त कर सेवा का पुण्य लाभ अर्जित किया।

यह नगर कीर्तन श्रद्धा, सेवा और भाईचारे का अनुपम उदाहरण बनकर संगतों के हृदयों में विशेष स्थान बना गया।

4 thoughts on “पांवटा साहिब में गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव पर भव्य नगर कीर्तन का आयोजन”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *