मुख्यमंत्री ने कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र रानीखेत पहुंचकर अमर बलिदानियों को अर्पित की श्रद्धांजलि – uttarakhandawaaz.in

मुख्यमंत्री ने कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र रानीखेत पहुंचकर अमर बलिदानियों को अर्पित की श्रद्धांजलि

देहरादून ,
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र, रानीखेत पहुंचकर अमर बलिदानियों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सैनिकों एवं अग्निवीरों के साथ संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा देश की सुरक्षा में उनके योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र में प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं, आधुनिक हथियारों एवं उपकरणों के उपयोग तथा वीर नारियों के कल्याण हेतु संचालित गतिविधियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण केंद्र भारतीय सेना की शक्ति और आत्मनिर्भरता को और अधिक मजबूत करते हैं।

अपने भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सैन्य अधिकारियों, सैनिकों तथा उनके परिवारजनों से भी भेंट की। सैनिकों एवं अग्निवीरों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में भारतीय सेना आज पहले से कहीं अधिक सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनी है। उन्होंने कहा कि हमारी सेना दुश्मनों की किसी भी चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है और देश की सीमाओं की मजबूती से रक्षा कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पूर्व सैनिकों, उनके परिवारों एवं अमर बलिदानियों के आश्रितों के सम्मान और कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य सरकार द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पेंशन एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वीर परिवारों को हर स्तर पर सम्मान, सुरक्षा और संबल प्राप्त हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और सरकार उनके परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *