देहरादून ,
कोविड महामारी के दौरान माता-पिता या किसी एक अभिभावक को खो चुके बच्चों के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत आर्थिक सहायता जारी की जा रही है। इसी क्रम में महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने राज्य के 5177 बच्चों के बैंक खातों में कुल तीन करोड़ नौ लाख रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से भेजी।
यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि अक्तूबर और नवंबर माह की सहायता राशि जारी की गई है। अक्तूबर माह के लिए 5177 लाभार्थियों को एक करोड़ 55 लाख 31 हजार रुपये, जबकि नवंबर माह के लिए 5147 लाभार्थियों को एक करोड़ 54 लाख 41 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई।
मंत्री ने कहा कि कोविड काल में कई बच्चों ने अपने माता-पिता या अभिभावक को खोया है। ऐसे बच्चों को मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत हर माह तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही लाभार्थी बच्चों को मुफ्त शिक्षा, खाद्यान्न सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम में विभागीय निदेशक बंसी लाल राणा, भाजपा नेता इंदर रावत, सीपीओ अंजना गुप्ता और डिप्टी सीपीओ राजीव नयन सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के अंतर्गत लाभार्थी के 21 वर्ष की आयु पूर्ण करने, बालिका लाभार्थी के विवाह होने अथवा लाभार्थी के सेवायोजित होने की स्थिति में योजना का लाभ समाप्त हो जाता है।