जनस्वास्थ्य सर्वोपरि, खाद्य सुरक्षा को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क : डॉ. आर. राजेश कुमार

देहरादून ,

आगामी क्रिसमस और नववर्ष के अवसर पर आमजन को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा राज्यव्यापी विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं स्वास्थ्य एवं खाद्य संरक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के क्रम में संचालित किया जा रहा है।

त्योहारी मौसम में खाद्य पदार्थों की खपत बढ़ने को देखते हुए विभाग ने मिलावटखोरी, घटिया गुणवत्ता एवं अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य निर्माण और विक्रय पर कड़ी निगरानी रखने का निर्णय लिया है। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जाएगा।

इस दौरान होटल, रेस्टोरेंट, क्लब, कैफे, बेकरी, डेयरी, मिष्ठान भंडार, फूड कोर्ट, स्ट्रीट फूड जोन एवं तैयार खाद्य पदार्थों की निर्माण इकाइयों में नियमित एवं औचक निरीक्षण किए जाएंगे। विभाग का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई तक सीमित न होकर खाद्य कारोबार से जुड़े सभी हितधारकों में खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा प्राथमिकता के आधार पर खाद्य पदार्थों की पहचान की गई है। यह विशेष अभियान कनिष्ठ से लेकर वरिष्ठ स्तर तक सभी अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता से संचालित किया जा रहा है तथा राज्य की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों के अनुरूप निगरानी व्यवस्था विकसित की गई है।

आयुक्त खाद्य संरक्षा डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपमिश्रण और घटिया खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए बिक्री स्थलों के साथ-साथ निर्माण इकाइयों पर भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है, ताकि आमजन को केवल शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री ही उपलब्ध हो सके।

3 thoughts on “जनस्वास्थ्य सर्वोपरि, खाद्य सुरक्षा को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क : डॉ. आर. राजेश कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *