श्री बालाजी कंपनी में लगी आग, सिलिंडर फटने की आवाज़ों से मची अफरा-तफरी
देहरादून ,
उत्तराखंड के सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब श्री बालाजी कंपनी की परफ्यूम फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज़ थी कि फैक्ट्री के भीतर से सिलिंडर फटने की आवाज़ें सुनाई देने लगीं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग के चार वाहन लगाए गए हैं और लगातार राहत कार्य जारी है। आग के फैलने की आशंका को देखते हुए बगल की फैक्ट्री से सामान सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि आग बुझाने का प्रयास लगातार जारी है और दमकल कर्मी हर संभव प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर कड़ी नजर बनाए हुए है।