मुख्यमंत्री धामी ने उपनल कर्मचारियों के आश्रितों को दी 50-50 लाख की सहायता राशि

देहरादून, 
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में उपनल (उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड) के माध्यम से कार्यरत तीन कर्मचारियों की सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को प्रत्येक 50 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए।

जिन कर्मचारियों के परिजनों को सहायता राशि दी गई, वे हैं —

  • बृजेश कुमार, विद्युत वितरण खंड जसपुर (जनवरी 2025 में निधन)

  • तसलीम, ब्रिडकुल देहरादून (नवंबर 2024 में निधन)

  • संजीव कुमार, विद्युत वितरण खंड हरिद्वार (फरवरी 2025 में निधन)

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह सहायता राशि भले ही किसी की कमी को पूरा नहीं कर सकती, लेकिन यह परिवारजनों को कठिन समय में आर्थिक संबल प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि कर्मचारियों को सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण के साथ-साथ कठिन परिस्थितियों में उनके परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

धामी ने बताया कि राज्य सरकार और बैंकों के बीच हुए एमओयू के तहत कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज योजना में कर्मचारियों को बीमा व अन्य सुरक्षा लाभ दिए जा रहे हैं। इस योजना के अंतर्गत दुर्घटना में मृत्यु होने पर परिजनों को सहायता राशि प्रदान की जाती है।

कार्यक्रम के दौरान प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव दीपेन्द्र चौधरी, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, मेजर जनरल (से.नि.) शम्मी सबरवाल, एमडी उपनल जे.एन.एस. बिष्ट, और पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने इस योजना को सफल बनाने के लिए पंजाब नेशनल बैंक का आभार भी व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *