शिक्षा और संस्कृति का संगम: सीएम धामी ने किया हैलो हल्द्वानी एफएम सामुदायिक रेडियो मोबाइल एप का लोकार्पण

उत्तराखंड के युवा नौकरी खोजने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनेंगे: मुख्यमंत्री

देहरादून,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम सामुदायिक रेडियो मोबाइल एप का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय शिक्षा को दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुँचाने और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने में सराहनीय कार्य कर रहा है। यह एप समाज और संस्कृति की आवाज़ को और सशक्त करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन को दिशा देने और आत्मनिर्भरता का आधार है। इसी सोच के तहत राज्य के सभी 13 जनपदों में उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इनके जरिए युवा न केवल शिक्षा प्राप्त करेंगे बल्कि रोजगारपरक कौशल भी हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय और कौशल विकास केंद्र मिलकर काम करेंगे तो उत्तराखंड के युवा नौकरी खोजने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बनेंगे। यह प्रयास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करेगा।

सीएम धामी ने यह भी बताया कि सरकार ने देहरादून में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का एक प्रमुख केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया है, जो शिक्षा, शोध, नवाचार और डिजिटल लर्निंग का हब बनेगा।

इस अवसर पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी और आपदा राहत के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष हेतु 1 लाख 49 हजार रुपये का चेक भेंट किया। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, कुलसचिव खेमराज भट्ट सहित विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *