देहरादून,
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में नागरिक उड्डयन विभाग की “गेमचेंजर योजनाओं” की समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं में गति लाने और हेली सेवाओं में सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में दूरस्थ क्षेत्रों तक सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए हवाई नेटवर्क का विस्तार आवश्यक है। उन्होंने नागरिक उड्डयन विभाग को निर्देशित किया कि सभी हवाई सेवाओं में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
एविएशन सेक्टर में नवाचार और बुनियादी ढांचे पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने राज्य में एयरो स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने, चारधामों के लिए नियमित चार्टर सेवा शुरू करने, पंतनगर में फ्लाइंग ट्रेनिंग स्कूल की स्थापना और डिजिटल मैपिंग जैसी पहल को तेजी से लागू करने को कहा।
बैठक में सचिव नागरिक उड्डयन, श्री सचिन कुर्वे ने जानकारी दी कि पंतनगर में पायलट प्रशिक्षण के लिए फ्लाइंग ट्रेनिंग स्कूल स्थापित किया जा रहा है, जिससे देश में बढ़ती पायलट मांग को पूरा किया जा सकेगा। साथ ही, ISRO के सहयोग से डिजिटल मैपिंग तकनीक विकसित की जा रही है, जिससे हवाई यातायात की सुरक्षा और दक्षता में सुधार होगा।
नई हवाई सेवाएं और हेली कनेक्टिविटी योजनाएं
उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी स्कीम (UCADA) के अंतर्गत कई नई सेवाओं की योजना बनाई गई है:
-
देहरादून–जोशीमठ–बद्रीनाथ के बीच शटल सेवा
-
पिथौरागढ़–धारचूला और पिथौरागढ़–मुनस्यारी के बीच हवाई संपर्क
-
गुंजी से आदि कैलाश तक सीधी हेलीकॉप्टर सेवा
-
केदारनाथ हेली सेवा को मज़बूत करने के लिए गरुड़चट्टी में नया हेलीपैड निर्माण
एयरपोर्ट और सीमांत क्षेत्रों के लिए विकास योजनाएं
बैठक में निम्नलिखित प्रमुख परियोजनाओं पर चर्चा हुई:
-
पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार कार्य वर्ष 2027-28 तक पूरा होने की संभावना
-
जौलीग्रांट एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार वर्ष 2026 तक विकसित किया जाएगा
-
पिथौरागढ़ हवाई पट्टी को रीजनल हब सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है
-
भारतीय सेना के सहयोग से सीमांत क्षेत्रों में नए हेलीपैड निर्माण की योजना
उच्चस्तरीय बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल
इस समीक्षा बैठक में अवसंरचना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, नागरिक उड्डयन सचिव सचिन कुर्वे, UCADA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष चौहान, अपर सचिव विनीत कुमार, एवं अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय टोलिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
