देहरादून के आशारोड़ी में भीषण सड़क हादसा, चार युवकों की मौत, एक घायल – सरियों से तोड़ना पड़ा कार का दरवाजा – uttarakhandawaaz.in

देहरादून के आशारोड़ी में भीषण सड़क हादसा, चार युवकों की मौत, एक घायल – सरियों से तोड़ना पड़ा कार का दरवाजा

थाना क्लेमेंटाउन , देहरादून ,

आज तड़के देहरादून के आशारोड़ी क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा प्रातः लगभग 3:10 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार मारुति रिट्ज कार (वाहन संख्या HR 42 E 2701) सीमेंट से भरे ट्रोले (HR 63 F 5353) से पीछे से जा टकराई।

कार सहारनपुर से देहरादून की ओर आ रही थी और ट्रोला उसके आगे चल रहा था। आशारोड़ी के समीप वाहन की गति व ट्रोले की दूरी को नियंत्रित न कर पाने के कारण कार ट्रोले में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार सवार पांचों युवक कार में ही फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने के लिए लोहे की सरियों से दरवाजा तोड़ना पड़ा।

मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई:

  1. अंकुश, पुत्र अजीत, निवासी पुरखास धीरन, जिला सोनीपत, हरियाणा

  2. पारस, पुत्र जयकरण, निवासी पुरखास धीरन, जिला सोनीपत, हरियाणा

  3. अंकित, पुत्र राजेश, निवासी मेरिडा, तहसील जुलाना, जिला जींद, हरियाणा

  4. नवीन, पुत्र नरेश, निवासी खेड़ी, तहसील रोहतक, हरियाणा

घायल युवक:

  • विनय, पुत्र विजय, निवासी पुरखास धीरन, जिला सोनीपत, हरियाणा
    जिन्हें 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

थाना क्लेमेंटाउन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और ट्रोला चालक आफताब, पुत्र जुल्फिकार, निवासी शेखपुरा कदीम, थाना देहात कोतवाली, सहारनपुर से पूछताछ शुरू की है। ट्रोले को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया:

  • ट्रोला सीमेंट से भरा हुआ था और संभवतः धीमी गति से चल रहा था।

  • कार की रफ्तार अधिक थी और चालक संभवतः झपकी में था।

  • ब्रेक के निशान मौके पर स्पष्ट नहीं पाए गए।

यह दुर्घटना एक बार फिर रात्रि/प्रभातकालीन यात्रा के दौरान सावधानी और गति नियंत्रण की महत्ता को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *