हाथीबड़कला में महिला का शव कूड़े के ढेर में मिलने पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा
देहरादून ,
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस की पूर्व प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया है कि भाजपा के राज में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। जिस तरह से आज हाथीबड़कला में एक 35 वर्षीय महिला का शव कूड़े के ढेर में मिला जिसका बलात्कार करके हत्या कर फेंक दिया गया, वहीं अंकिता भंडारी हत्याकांड सबके समक्ष है कि किस तरीके से एक मासूम लड़की के सपनों को तार-तार कर दिया गया, और सरकार आज भी आरोपियों का समर्थन कर रही है। पूरा उत्तराखंड ही नहीं पूरा देश अंकिता के हत्यारों को सजा दिलाना चाहता है परंतु भारतीय जनता पार्टी न्याय की राह में रोड़े डालने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मणिपुर में जो हुआ वह सबके समक्ष है किस तरह से दो महिलाओं के साथ दुष्कर्म कर उन्हें निर्वस्त्र कर उनकी परेड कराई गई और कैसे उनके साथ खिलवाड़ किया गया इस पर भी भाजपा के नेता एवं नेत्रियां मौन है और वह केवल कांग्रेस नेताओं के पुतले फूंकने तक सीमित रह गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा की महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने शायद अपनी कानों को बंद कर दिया है तभी उन्हें नाही अंकिता भंडारी की सिसकियां सुनाई दी और ना ही आज जो जघन्य अपराध हुआ एक महिला के साथ जिसका दुष्कर्म करके हत्या कर दी गई उसकी चीख सुनाई दे रही है। उन्होंने कहा कि देवभूमि में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार के मामले देवभूमि को शर्मसार कर रहा हैं पर भाजपा महिलाओं के मुद्दे पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रही है। जिस राज्य को बनाने में महिलाओं ने कितने बलिदान दिए आज वही राज्य महिलाओं की रक्षा नहीं कर पा रहा है ये शर्मनाक बात है। उन्होंने कहा कि कोई भी सिटी स्मार्ट गड्ढों को पाटने से नही बनती स्मार्ट सिटी तब बनती है जहां महिलाएं बेखौफ अपने सपनों को पूरा करने के लिए बाहर जा सके। इस दौरान उन्होंने आज की घटना मन को झकझोरने वाली है, निंदनीय है, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मेरा अनुरोध है की घटना की त्वरित जांच करवाए और दोषियों पर जल्द से जल्द कार्यवाही की जाए। वहीं दूसरी ओर उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पूर्व प्रवक्ता डाॅक्टर प्रतिमा सिंह ने भाजपा नेता और उत्तराखण्ड से राज्यसभा सांसद नरेश बंसल के इंडिया शब्द पर दिये गये बयान को दुःखद, हास्यास्पद एवं भारतीय संविधान विरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा कि हर मोर्चे पर विफल भाजपा को अब भारतीय संविधान पर भी ऐतराज हो रहा है। इस दौरान डाॅक्टर प्रतिमा सिंह ने कहा कि शायद राज्यसभा सांसद नरेश बंसल पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी बाजयेपी के शाइनिंग इंडिया, और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मेक इन इंडिया के पूरी तरह फेल होने के चलते इंडिया शब्द से नफरत करने लगे हैं तभी ऐसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नरेश बंसल ने संसद में जिस संविधान की शपथ ली आज वे उसी संविधान का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नरेश बंसल जैसे नेता सिर्फ राज्यसभा की कुर्सी भरने का काम करते हैं। उन्होंने अपने आज तक के कार्यकाल में कभी भी न तो प्रदेश की कोई समस्या उठाई है और न ही प्रदेश के लिए कोई ऐसा काम किया हो जिसके चलते वह जनता के मध्य अपनी पहचान बना पाते इसीलिए उन्होंने इस प्रकार की अनर्गल बयानबाजी कर अखबारों की सुर्खियां बटोरने तथा अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने का काम किया है जिसकी पूरे प्रदेश की जनता निन्दा करती है।