45 संवेदनशील पोलिंग बूथ हुए चिह्नित, जनपद 04 जोन व 14 सेक्टरों में विभाजित
हरिद्वार ,
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया बताया कि मंगलौर उपचुनाव में कुल 64 मतदान केन्द्र बनाये गये है। जिसमें से 132 मतदेय स्थल हैं, जबकि 45 संवेदनशील पोलिंग बूथ चिन्हित किए गए हैं। जनपद को चुनाव के दृष्टिगत 04 जोन व 14 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। मानकों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक बूथ में आवश्यकतानुसार पर्याप्त मात्रा में सुरक्षा फोर्स लगायी गई है। उन्होंने ब्रीफिंग के दौरान अधिाकारियों को दिशा-निर्देश दिये कि हमारी प्राथमिकता स्वतन्त्र एवं निष्पक्ष उपचुनाव सम्पन्न कराना है। बूथ पर सुरक्षा हेतु नियुक्त समस्त बल सर्वप्रथम अपने ड्यूटी के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारी प्राप्त कर लें एवं अपने पर्यवेक्षण अधिकारी का मोबाइल नम्बर अवश्य अपने पास रखें। सभी सुरक्षा बल अपना ड्यूटी कार्ड अपने पास रखते हुए उच्चकोटि के अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करेगें। ड्यूटी के दौरान सभी जवान निर्धारित वर्दी में रहेंगे तथा पूरे मनोयोग व अच्छे आचरण के साथ अपनी ड्यूटी सम्पादित करेंगे। मतदाताओं के साथ शालीनतापूर्वक व्यवहार करते हुए वोटिंग के बाद उनको पोलिंग बूथ से सकुशल रवाना करेंगे। मतदान केन्द्र में किसी प्रकार की अव्यवस्था पाये जाने पर तुरंत सैक्टर मजिस्ट्रेट व पुलिस कंट्रोल रूम को अवगत करायेंगे। मतदान के दौरान निष्पक्ष होकर अपनी ड्यूटी का निर्वहन करेंगे तथा किसी भी उम्मीदवार के विषय में राय व टीका टिप्पणी नहीं करेंगे। कप्तान ने कहा कि मतदान केन्द्र के अंदर किसी भी मतदाता को अपने साथ मोबाईल, कैमरा अथवा अन्य कोई भी इलेक्ट्रॉनिक यंत्र ले जाने की अनुमति नहीं देंगे। बूथ पर किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न होने की दशा में तुरंत उच्चाधिकारियों को अवगत करायेंगे, ताकि नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा सके। चुनाव लोकतंत्र की महान परम्परा है अतः इसे सकुशल सम्पन्न कराने हेतु अत्यधिक सतर्कता बरतें तथा दृढ़ संकल्पित होकर अपने विवेक से हर परिस्थिति का मुकाबला करें। शांतिपूर्वक चुनाव सम्पन्न कराना पुलिस एवं प्रशासन के लिए गौरव का पल एवं महान सफलता है, इसमें किसी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ड्यूटी में मौजूद कोई भी अधिकारी व कर्मचारी अनावश्यक मोबाइल का प्रयोग नहीं करेंगे। किसी भी दशा में अपना ड्यूटी पॉइंट नहीं छोड़ेंगे। आकस्मिकता की दृष्टि को देखते हुए अपने सेक्टर पुलिस अधिकारी को सूचित करने के बाद ही ड्यूटी पॉइंट छोड़ेंगे। किसी भी राजनीतिक दल व व्यक्ति का आतिथ्य व प्रलोभन स्वीकार नहीं करेंगे। पोलिंग बूथ पर सुरक्षा बल अपने पीठासीन अधिकारी से संपर्क कर लें एवं पीठासीन के निर्देशन में ही अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए इवीएम मशीन को सकुशल अपनी टीम के साथ स्ट्रोंग रूम तक पहुंचाएगें। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि मंगलौर उपचुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जनपद में 04 राजपत्रित अधिकारी, 01 निरीक्षक, 03 उपनिरीक्षक, 14 एडिशनल उपनिरीक्षक, 15 हेड कांस्टेबल, 120 कांस्टेबल, 161 -होमगार्ड्स, 101 पीआरडी, 1 कम्पनी व ड़ेड़ सेक्सर पीएसी व 03 कम्पनी केन्द्रीय अर्धसैनिक बल निष्पक्ष चुनाव के लिए तैनात रहेगा।
