दूसरे व्यक्ति ने वाहन से कूदकर बचाई अपनी जान
देहरादून ,
टिहरी जिले के साकनीधार के समीप पिकअप वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय वाहन में दो लोग सवार थे। दूसरा व्यक्ति वाहन से कूद गया था इसीलिए उसकी जान बच गई। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यहां मिली जानकारी के अनुसार जिला नियंत्रण कक्ष टिहरी को सूचना मिली थी कि साकनीधार के पास पिकअप वाहन करीब दो सौ मीटर गहरी खाई में गिर गया है और जिला नियंत्रण कक्ष टिहरी के कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना एसडीआरएफ टीम के सदस्यों को दी। इस दौरान हादसे की जानकारी मिलते ही उपनिरीक्षक नीरज चैहान के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तुरंत घटना स्थल पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान एसडीआरएफ की टीम खाई में उतरकर वाहन तक पहुंची, लेकिन तब तक वाहन सवार व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। जिसके बाद टीम शव को ऊपर सड़क पर आई और उसे पुलिस को सुपुर्द किया। टीम के सदस्यों ने बताया कि एक व्यक्ति ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। इस दौरान एसडीआरएफ टीम के सदस्यों ने बताया कि इस हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की शिनाख्त 22 साल के अभिषेक रावत पुत्र शोवन सिंह रावत के रूप में हुई है, जो टिहरी गढ़वाल के जामनी खाल का रहने वाला था। इस अवसर पर एसडीआरएफ टीम के सदस्यों ने बताया है कि पिकअप वाहन में ऋषिकेश से सब्जियां ले जाई जा रही थी, तभी बीच रास्ते में यह हादसा हो गया।
