कांग्रेसियों ने इनकम टैक्स ऑफिस पर प्रदर्शन कर केन्द्र सरकार का पुतला जलाया – uttarakhandawaaz.in

कांग्रेसियों ने इनकम टैक्स ऑफिस पर प्रदर्शन कर केन्द्र सरकार का पुतला जलाया

आयकर विभाग द्वारा कांग्रेस के खाते फ्रीज करने का किया विरोध
देहरादून ,

कांग्रेस के खाते आयकर विभाग द्वारा फ्रीज करने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इनकम टैक्स ऑफिस पर प्रदर्शन कर केन्द्र सरकार का पुतला फूंका। यहां कांग्रेस भवन में एकत्रित होकर कार्यकर्ता पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और महानगर अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में जुलूस की शक्ल में इनकम टैक्स ऑफिस की तरफ बढ़े और पुलिस मुख्यालय के समीप रोके जाने पर कार्यकर्ताओं ने वहीं पर केंद्र की भाजपा सरकार का पुतला फूंका और नारेबाजी की। इस संबंध में राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन भी अपर जिलाधिकारी को मौके पर दिया गया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि ठीक चुनाव से पहले इस तरह की हरकत दिखती है कि भाजपा देश के संसदीय लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। उन्होंने कहा कि कुछ जांच भी जरूरी थी तो कम से कम चुनाव तक तो रुकना चाहिए था। उन्होंने कहा कि अब जब पार्टी अपने खातों का संचालन वैधपूर्ण राजनीतिक गतिविधियों हेतु नहीं कर पाएगी तो लोकसभा चुनावों में कैसे भागीदारी कर पायेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा देश को पूरी तरह से तानाशाही व्यवस्था की तरफ ले जा रही है। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष गोगी ने कहा कि इनकम टैक्स विभाग ने भाजपा के इशारे पर यूथ कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी से 210 करोड़ रुपए की रिकवरी मांगी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के द्वारा जारी चेक क्लियर नहीं किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के खाते भी फ्रीज कर दिए गए हैं। इस अवसर पर अनेकों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *