मणिपुर हिंसा के पीड़ितों से मिले आइएनडीआइए गठबंधन के 21 सांसद, अधीर रंजन बोले- देश की छवि को पहुंचा नुकसान

इंफाल, पीटीआई। विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A के 21 सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल (I.N.D.I.A Alliance Delegation) जमीनी हकीकत का आकलन करने के लिए हिंसा प्रभावित मणिपुर (Manipur Violence) के दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को यहां पहुंचा। विपक्षी दलों के सांसदों का यह दल जातीय हिंसा के पीड़ितों से मिलने के लिए कई राहत शिविरों का दौरा करेगा।

पीड़ितों से मिला प्रतिनिधिमंडल

प्रतिनिधिमंडल दोपहर बाद चूड़चंदपुर में राहत शिविरों में रह रहे कुकी समुदाय के पीड़ितों से मिलने पहुंचा। दल में शामिल विपक्षी नेताओं ने केंद्र द्वारा यहां हालात का जाजया लेने के लिए प्रतिनिधिमंडल न भेजने की आलोचना की और कहा कि हमारी यात्रा संकट में फंसे लोगों को कुछ मनोवैज्ञानिक राहत प्रदान करने का एक तरीका है।

इस प्रतिनिधिमंडल में चौधरी और गोगोई के अलावा टीएमसी की सुष्मिता देव, झामुमो की महुआ माजी, द्रमुक की कनिमोई, रालोद के जयंत चौधरी, राजद के मनोज कुमार झा, आरएसपी के एनके प्रेमचंद्रन, जदयू के राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह एवं अनिल प्रसाद हेगड़े, भाकपा के संदोश कुमार और माकपा के एए रहीम आदि शामिल हैं।

रविवार को राज्यपाल से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

प्रतिनिधिमंडल रविवार सुबह राजभवन में राज्यपाल अनसुइया उइके से मिलेगा और मणिपुर की मौजूदा स्थिति एवं शांति बहाल करने के लिए उठाए जा सकने वाले कदमों पर बात करेगा। इस प्रतिनिधिमंडल के रविवार दोपहर तक दिल्ली लौटने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *