लालजीवाला पार्किंग में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस का संयुक्त अभियान, 10 बसों की फिटनेस निरस्त करने की संस्तुति
हरिद्वार ,
धर्मनगरी हरिद्वार में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। लालजीवाला पार्किंग में बसों की मनमानी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के खिलाफ परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान अब तक 20 बसों के चालान किए गए, जबकि नियमों का उल्लंघन करने पर तीन बसों को सीज कर दिया गया। इसके अलावा 10 बसों की फिटनेस निरस्त करने की संस्तुति की गई है। कार्रवाई से बस संचालकों में खलबली मची हुई है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में बसों की तकनीकी स्थिति, फिटनेस प्रमाणपत्र, आवश्यक दस्तावेजों और परमिट की शर्तों की गहनता से जांच की जा रही है। अधिकारियों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सड़कों पर संचालित होने वाली बसें यात्रियों की सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करें।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में यातायात निरीक्षक संदीप नेगी, संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन तथा परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती की टीम कार्रवाई में जुटी है। तकनीकी निरीक्षण के दौरान बसों में सुरक्षा संबंधी कमियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
फिटनेस मानकों की अनदेखी पर भी होगी कार्रवाई
अभियान के दौरान 10 बसों की फिटनेस निरस्त करने की संस्तुति की गई है। हालांकि, फिटनेस निरस्तीकरण पर अंतिम निर्णय सक्षम प्राधिकारी द्वारा नियमानुसार लिया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि केवल वाहन के दस्तावेज पूरे होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी तकनीकी स्थिति और सुरक्षित संचालन के मानकों का पालन करना भी अनिवार्य है।
प्रशासन ने बस संचालकों को स्पष्ट संदेश दिया है कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लालजीवाला पार्किंग में चेकिंग अभियान जारी है। ऐसे में आगामी जांच के दौरान कार्रवाई का आंकड़ा बढ़ने की संभावना है।
