देहरादून के सभी 100 वार्डों में उचित दर दुकानों की होगी जांच, डीएम ने एक सप्ताह में मांगी रिपोर्ट – uttarakhandawaaz.in

देहरादून के सभी 100 वार्डों में उचित दर दुकानों की होगी जांच, डीएम ने एक सप्ताह में मांगी रिपोर्ट

देहरादून ,

सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों में संचालित उचित दर दुकानों के निरीक्षण के लिए सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक सेक्टर अधिकारी के साथ संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अथवा पूर्ति निरीक्षक को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

खाद्यान्न की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान

जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर अधिकारियों को अपने-अपने आवंटित वार्डों में उचित दर दुकानों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान दुकानों में साफ-सफाई की व्यवस्था, खाद्यान्न की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप वितरण प्रक्रिया की जांच की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारी दुकानों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लें और यह सुनिश्चित करें कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध हो। जांच के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

एक सप्ताह के भीतर देनी होगी निरीक्षण रिपोर्ट

डीएम डॉ. आशीष चौहान ने सभी संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण की विस्तृत आख्या एक सप्ताह के भीतर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके माध्यम से उचित दर दुकानों की मौजूदा स्थिति का आकलन कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य उचित दर दुकानों की व्यवस्थाओं में सुधार लाना, खाद्यान्न की गुणवत्ता बनाए रखना और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और निरीक्षण कार्य को प्रभावी ढंग से पूरा करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *