आढ़त बाजार विस्थापन और इंदिरा मार्केट री-डेवलपमेंट कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, मंत्री खजान दास ने की समीक्षा – uttarakhandawaaz.in

आढ़त बाजार विस्थापन और इंदिरा मार्केट री-डेवलपमेंट कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, मंत्री खजान दास ने की समीक्षा

देहरादून ,

राजधानी देहरादून में आढ़त बाजार विस्थापन और इंदिरा मार्केट री-डेवलपमेंट कार्यों को गति देने के लिए समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर आयोजित बैठक में मंत्री ने व्यापारियों की अपेक्षाओं के अनुरूप निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने और लंबित प्रक्रियाओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

व्यापारियों को शर्तों के अनुरूप दुकानें उपलब्ध कराने के निर्देश

बैठक में मंत्री खजान दास ने इंदिरा मार्केट री-डेवलपमेंट और आढ़त बाजार विस्थापन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित एमओयू की प्रक्रिया पूरी करने तथा वर्ष 2013 में निर्धारित शर्तों के अनुरूप शेष व्यापारियों को दुकानें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों को पूरा करते समय व्यापारियों की अपेक्षाओं और निर्धारित शर्तों का ध्यान रखा जाए, ताकि प्रभावित व्यापारियों को समय पर राहत मिल सके।

रजिस्ट्री में देरी पर जताई नाराजगी

आढ़त बाजार शिफ्टिंग से संबंधित रजिस्ट्री सहित अन्य प्रक्रियाओं में हो रही देरी पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने एमडीडीए अधिकारियों को लोक निर्माण विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित रजिस्ट्रियों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, जिससे सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जा सकें।

गौरतलब है कि आढ़त बाजार में लगने वाले जाम की समस्या के समाधान के लिए सरकार ने सहारनपुर चौक से लगे आढ़त बाजार के चौड़ीकरण को मंजूरी दी है। इस परियोजना से प्रभावित होने वाले व्यापारियों को आईएसबीटी के पास स्थानांतरित किया जाना है।

संस्कृत महाविद्यालय में बनेंगे अतिरिक्त कक्ष, पार्कों का होगा सौंदर्यीकरण

बैठक के दौरान एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि श्री शिवनाथ संस्कृत महाविद्यालय में अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में स्थित पार्कों का सौंदर्यीकरण कर वहां बैठने के लिए बेंच उपलब्ध कराई जाएंगी।

बैठक में इंदिरा मार्केट वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष सरदार गुरभेज सिंह, सचिव जगदीश प्रसाद सहित विभिन्न पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *