वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल माह के तहत यूपीएचसी शांतिनगर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 25 से अधिक बुजुर्गों की जांच – uttarakhandawaaz.in

वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल माह के तहत यूपीएचसी शांतिनगर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 25 से अधिक बुजुर्गों की जांच

वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक, निःशुल्क स्वास्थ्य सहायक उपकरण और ताजे फल भी वितरित

ऋषिकेश ,

वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल माह (अक्टूबर 2026) के अंतर्गत शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) शांतिनगर, ऋषिकेश में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन तथा राष्ट्रीय वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के तत्वावधान में आयोजित शिविर में 25 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान बुजुर्गों को विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के दिशा-निर्देशों के क्रम में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ वृद्धावस्था को प्रोत्साहित करना था।

बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध हैं निःशुल्क सेवाएं

सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि वृद्धजनों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच सहित आवश्यक जांच सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के सिटी अर्बन हेल्थ ऑफिसर राकेश बिष्ट ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली ही स्वस्थ वृद्धावस्था का आधार है। उन्होंने परिवारों से बुजुर्गों की विशेष देखभाल करने और उनके स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की। उन्होंने पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम, योग, ध्यान और समय-समय पर चिकित्सकीय जांच को स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक बताया।

उन्होंने जानकारी दी कि देहरादून जिला चिकित्सालय में जेरियाट्रिक यानी वृद्धावस्था वार्ड के साथ फिजियोथेरेपी की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बुजुर्गों को निःशुल्क जांच और दवा सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

बीपी, मधुमेह और अन्य बीमारियों के प्रति किया जागरूक

शिविर में राधेश्याम, गुलाबी देवी, लीला देवी, बीना देवी और ऋषिराज सहित वरिष्ठ नागरिकों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान उच्च रक्तचाप, मधुमेह, दमा, पक्षाघात, टीबी, निमोनिया, अवसाद तथा हड्डियों और जोड़ों से संबंधित समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया। आवश्यकतानुसार संबंधित स्वास्थ्य जांच भी की गई।

शिविर के दौरान जरूरतमंद बुजुर्गों को निःशुल्क स्वास्थ्य सहायक उपकरण और ताजे फलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह भी दी गई।

सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 104 की जानकारी

कार्यक्रम के अंत में बताया गया कि वृद्धजन स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए अपने नजदीकी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या सरकारी चिकित्सा संस्थान से संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर 104 पर भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।

स्वास्थ्य टीम ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

शिविर का संचालन चिकित्सा अधिकारी डॉ. रिया उनियाल की देखरेख में किया गया। स्वास्थ्य जांच टीम में नर्सिंग ऑफिसर निशि, अंकुशा नेगी और अंजू सती, लैब सहायक शुभम नौटियाल तथा एएनएम प्रियंका लिंगवाल, लक्ष्मी, पूजा आर्य, रश्मि भट्ट और हीना नौटियाल ने सक्रिय भूमिका निभाई।

इस अवसर पर आईईसी समन्वयक पूजन नेगी, एनसीडी डाटा सहायक प्रवीन खत्री सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने और उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *