एसजीआरआरयू और सीसीआरएच के बीच महत्वपूर्ण एमओयू, संयुक्त शोध एवं प्रशिक्षण को मिलेगा बढ़ावा – uttarakhandawaaz.in

एसजीआरआरयू और सीसीआरएच के बीच महत्वपूर्ण एमओयू, संयुक्त शोध एवं प्रशिक्षण को मिलेगा बढ़ावा

देहरादून ,

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू), देहरादून और भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद (सीसीआरएच) के बीच अनुसंधान सहयोग, क्षमता निर्माण, अकादमिक सहभागिता एवं ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

नई दिल्ली स्थित सीसीआरएच मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की मौजूदगी में एमओयू संपन्न हुआ। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज के आशीर्वाद से हुए इस समझौते को दोनों संस्थानों के बीच दीर्घकालिक अकादमिक एवं अनुसंधान सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विपिन चंद्र घिल्डियाल ने इस अवसर पर विश्वविद्यालय टीम को बधाई दी।

एमओयू के तहत दोनों संस्थान आपसी रुचि के क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, वैज्ञानिक एवं अकादमिक गतिविधियों, क्षमता निर्माण कार्यक्रमों, प्रशिक्षण, कार्यशालाओं तथा ज्ञान एवं विशेषज्ञता के आदान-प्रदान के लिए मिलकर कार्य करेंगे।

कार्यक्रम में सीसीआरएच की ओर से महानिदेशक डॉ. सुभाष कौशिक, डॉ. के.सी. मुरलीधरन, वैज्ञानिक-डी डॉ. रेनू मित्तल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं एसजीआरआर विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी, प्रोफेसर डॉ. द्वारिका पी. मैठाणी, स्कूल ऑफ बेसिक एंड एप्लाइड साइंसेज (एसबीएएस) के डीन डॉ. पंकज चमोली तथा स्कूल रिसर्च कोऑर्डिनेटर डॉ. सुभाष चंद्र ने प्रतिनिधित्व किया।

इस समझौते से एसजीआरआर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुसंधान संस्थान के साथ वैज्ञानिक संवाद और सहयोगात्मक शोध गतिविधियों में सहभागिता के अवसर मिलेंगे। साथ ही अंतर्विषयक अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास और संस्थागत अनुसंधान क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों ने कहा कि श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में एसजीआरआर विश्वविद्यालय अकादमिक उत्कृष्टता, अनुसंधान, नवाचार तथा राष्ट्रीय संस्थानों के साथ सार्थक सहयोग को लगातार बढ़ावा दे रहा है। सीसीआरएच के साथ हुआ यह एमओयू इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे भविष्य में संयुक्त अनुसंधान एवं क्षमता निर्माण के नए अवसर विकसित होंगे।

यह समझौता अनुसंधान, शिक्षा, नवाचार, वैज्ञानिक क्षमता निर्माण और ज्ञान के आदान-प्रदान के क्षेत्र में दोनों संस्थानों के बीच दीर्घकालिक सहयोग को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *