CM हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा: लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करें अधिकारी—CM धामी

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में CM हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा बैठक की। उन्होंने हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों और उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि CM हेल्पलाइन 1905 सरकार और जनता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसका उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों की नियमित निगरानी करने और निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

शिकायतों के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जन शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह स्वयं प्रत्येक माह CM हेल्पलाइन की समीक्षा करते हैं और कई मामलों में शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत भी करते हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिकायतों को केवल दर्ज करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका वास्तविक और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बरसात के बाद खराब सड़कों की जल्द हो मरम्मत

बैठक में प्रदेश में सड़कों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात के बाद कई क्षेत्रों में सड़कें क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाना आवश्यक है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD), PMGSY और शहरी विकास विभाग को सड़क मरम्मत एवं सुधार कार्यों के लिए आवश्यक इस्टीमेट तैयार कर टेंडर प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा

बैठक में चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। श्रद्धालुओं की संख्या में फिर से वृद्धि होने के बीच कुछ स्थानों पर भूस्खलन के कारण यात्रा प्रभावित होने और यात्रियों को रोके जाने की स्थिति पर भी मुख्यमंत्री ने जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

मानसून में संक्रमण और फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

मानसून के दौरान संक्रमण एवं फ्लू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य अधिकारियों को अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं, उपचार एवं अन्य व्यवस्थाएं पर्याप्त रखने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

जिलाधिकारियों को जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को समय-समय पर जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से अधिकारी सीधे जनता से जुड़कर उनकी समस्याओं को समझ सकते हैं और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कर सकते हैं।

पेयजल और शिक्षा योजनाओं पर भी रहा फोकस

बैठक में पेयजल विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने योजनाओं को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजनाओं का समय पर और बेहतर लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।

इसके अलावा मुख्यमंत्री भविष्य निर्माण योजना को जल्द व्यावहारिक रूप से धरातल पर उतारने के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *