तंबाकू निषेध को लेकर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में जागरूकता कार्यशाला

देहरादून,

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग में गुरुवार को जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ, कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी, देहरादून की ओर से तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से कॉलेज जागरूकता कार्यक्रम एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी देहरादून डॉ. मनोज कुमार शर्मा एवं विश्वविद्यालय की डीन डॉ. सोनिका कंडारी ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने विद्यार्थियों को तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन न केवल व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य के लिए घातक है, बल्कि इससे मानसिक स्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने युवाओं को तंबाकू उत्पादों के प्रति आकर्षित करने के लिए अपनाए जाने वाले विभिन्न प्रचार माध्यमों और रणनीतियों के प्रति सचेत करते हुए कहा कि युवाओं को इस तरह के प्रयासों को समझना होगा और स्वयं को तंबाकू तथा तंबाकू उत्पादों से दूर रखना होगा।

कार्यशाला में डॉ. अनुराधा, मनोवैज्ञानिक ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्परिणामों, इसके मानसिक प्रभावों तथा इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। प्रस्तुतीकरण के दौरान विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए तंबाकू के दुष्प्रभावों पर पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की ओर से पुरस्कृत किया गया। साथ ही प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

कार्यशाला के दौरान विश्वविद्यालय को COTPA अधिनियम तथा तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान गाइडलाइन के अनुरूप तंबाकू मुक्त विश्वविद्यालय घोषित किया गया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की डीन डॉ. सोनिका कंडारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, कॉलेज फैकल्टी तथा जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ से डॉ. अनुराधा (मनोवैज्ञानिक), श्रीमती अर्चना उनियाल, रेखा उनियाल एवं अनुराग उनियाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *