फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनाने वाले गन हाउस मालिक को किया गिरफ्तार

अंतर्राज्यीय नेटवर्क का खुलासा, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखण्ड तक जुड़े तार

देहरादून,

उत्तराखण्ड एसटीएफ ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस एवं अवैध हथियारों के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फर्जी लाइसेंस तैयार कराने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के एक और अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। जांच में इस नेटवर्क के तार उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखण्ड तक जुड़े होने के तथ्य सामने आए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा इस संगठित अपराध के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस एवं अवैध हथियारों के नेटवर्क में शामिल प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि थाना प्रेमनगर, जनपद देहरादून में मु0अ0सं0 09/2026 के तहत धारा 420, 467, 468 और 471 भादवि तथा धारा 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था।

इस मामले में 15 जनवरी 2026 को अभियुक्त मनोज कुमार के कब्जे से एक फर्जी शस्त्र लाइसेंस, एक अवैध .30 बोर सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल तथा पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे।

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि पूर्व में गिरफ्तार अभियुक्त मनोज कुमार के शस्त्र लाइसेंस को सिरसा से मेरठ और बाद में देहरादून स्थानांतरित दर्शाया गया था। हालांकि, सिरसा जिलाधिकारी कार्यालय से जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि उक्त शस्त्र लाइसेंस कभी जारी ही नहीं किया गया था। जांच में लाइसेंस पूरी तरह फर्जी पाया गया।

विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर यह भी सामने आया कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस तैयार कराने में शिवा शस्त्रागार/गन हाउस के मालिक शैलेन्द्र पुत्र राजपाल की भूमिका रही है।

एसटीएफ टीम ने कार्रवाई करते हुए शिवा शस्त्रागार के मालिक शैलेन्द्र पुत्र राजपाल, निवासी गायत्री ग्रीन, बाईपास रोड, थाना कंकरखेड़ा, जनपद मेरठ, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया है।

एसटीएफ अब इस फर्जी शस्त्र लाइसेंस नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है। जांच में उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखण्ड से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के संबंध में साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार अभियुक्त

शैलेन्द्र पुत्र राजपाल, निवासी गायत्री ग्रीन, बाईपास रोड, थाना कंकरखेड़ा, जनपद मेरठ, उत्तर प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *