देहरादून ,
जिले के घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं को 15 अगस्त 2026 तक ई-केवाईसी पूरा कराने की अपील की है। निर्धारित समय सीमा में ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को भविष्य में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
गैस कंपनियों के अनुसार, ई-केवाईसी पूरी नहीं होने पर संबंधित गैस कनेक्शन को निष्क्रिय श्रेणी में रखा जा सकता है। ऐसे में उपभोक्ताओं को घरेलू गैस कनेक्शन पर मिलने वाले लाभ प्रभावित होने की संभावना है। इसके अलावा सिलेंडर की उपलब्धता और कीमत को लेकर भी परेशानी हो सकती है।
ई-केवाईसी प्रक्रिया का उद्देश्य घरेलू गैस कनेक्शनों का आधार आधारित सत्यापन करना, फर्जी और डुप्लीकेट कनेक्शनों की पहचान करना तथा एलपीजी की कालाबाजारी पर रोक लगाना है। इससे वास्तविक उपभोक्ताओं का रिकॉर्ड अपडेट करने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
गैस एजेंसी या ऑनलाइन करा सकते हैं ई-केवाईसी
जिलापूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि गैस एजेंसी संचालकों और कंपनियों के अधिकारियों द्वारा उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी के लिए जागरूक किया जा रहा है। उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से ई-केवाईसी करा सकते हैं।
इसके अलावा कई गैस कंपनियों के मोबाइल ऐप और अधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध है। कुछ मामलों में घर पर सिलेंडर पहुंचाने वाले डिलीवरी कर्मियों के माध्यम से भी यह प्रक्रिया पूरी कराई जा सकती है।
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 15 अगस्त की अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी पूरी करा लें, ताकि भविष्य में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति से जुड़ी किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।