अल्मोड़ा ,
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के छोटे से गांव काफलीखान के युवा रवि टम्टा इन दिनों अपने अनोखे इनोवेशन को लेकर चर्चा में हैं। रवि ने एक पर्सनल फ्लाइंग व्हीकल का प्रोटोटाइप तैयार किया है, जिसका हाल ही में सफल परीक्षण किया गया। परीक्षण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रवि टम्टा का दावा है कि उन्होंने भारत का पहला Personal Flying Vehicle तैयार किया है। इस प्रोजेक्ट के पीछे कई वर्षों की मेहनत और लगातार किए गए प्रयोग शामिल हैं। रवि के अनुसार, पिछले करीब एक साल से उन्होंने दिन-रात इस प्रोजेक्ट पर काम किया और आखिरकार इसे परीक्षण के लिए तैयार किया।
दो दिन पहले अल्मोड़ा स्टेडियम में फ्लाइंग व्हीकल का ट्रायल किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी ट्रायल को लाइव देखा। रवि के इनोवेशन का वीडियो देखने के बाद मुख्यमंत्री ने उनसे वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत की और उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। मौके पर जिलाधिकारी और एसएसपी भी मौजूद रहे।
ट्रायल के दौरान रवि टम्टा ने फ्लाइंग व्हीकल की तकनीक और इसमें लगाए गए सुरक्षा फीचर्स के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वाहन को विकसित करते समय सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। रवि ने खुद पर्सनल फ्लाइंग व्हीकल को उड़ाकर भी इसका प्रदर्शन किया।
रवि ने इसे भारत में व्यक्तिगत हवाई परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयोग बताया। उनका विजन भविष्य में इस तकनीक को और विकसित करना है, ताकि छोटी दूरी की यात्रा के लिए लोग सड़क परिवहन के साथ-साथ हवाई मार्ग का भी इस्तेमाल कर सकें।
अल्मोड़ा के एक छोटे से गांव से निकलकर इस तरह का तकनीकी प्रयोग करने वाले रवि टम्टा की उपलब्धि ने उत्तराखंड में इनोवेशन, स्टार्टअप और स्वदेशी तकनीक की संभावनाओं को लेकर नई उम्मीद जगाई है। हालांकि, फ्लाइंग व्हीकल को व्यावसायिक रूप से संचालित करने से पहले आवश्यक तकनीकी परीक्षण, सुरक्षा मानकों और नियामकीय अनुमतियों का पालन करना होगा।