उत्तराखंड खेल विश्वविद्यालय का पहला सत्र 29 अगस्त से होगा शुरू, 122 पदों पर होगी सीधी भर्ती

देहरादून ,

उत्तराखंड के पहले खेल विश्वविद्यालय का पहला शैक्षणिक सत्र 29 अगस्त, राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुरू किया जाएगा। विश्वविद्यालय के संचालन के लिए 122 नए पदों के सृजन को प्रदेश कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद खेल मंत्री रेखा आर्या ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देव पूजन के साथ विश्वविद्यालय के पहले शैक्षणिक सत्र का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने विश्वविद्यालय के लिए 122 पदों के सृजन को मिली कैबिनेट की मंजूरी पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इन पदों पर पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सीधी भर्ती की जाएगी। भर्ती के लिए जल्द ही आधिकारिक विज्ञप्ति जारी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि खेल विश्वविद्यालय की स्थापना से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। 29 अगस्त को राज्य के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए खेल मंत्री ने कहा कि यह विश्वविद्यालय उत्तराखंड की खेल संस्कृति को नई दिशा और नया आयाम प्रदान करेगा।

खेल विश्वविद्यालय के माध्यम से प्रदेश के युवाओं के साथ-साथ सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को भी बेहतर अवसर मिल सकेंगे। खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ खेल शिक्षा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

मंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय के माध्यम से उत्तराखंड के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर मंच मिलेगा। इससे प्रदेश की खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के साथ वैश्विक खेल पटल पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *