एमडीडीए के समाधान दिवस में जनसमस्याओं की सुनवाई, तय समयसीमा में निस्तारण के निर्देश

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) मुख्यालय में सोमवार को ‘समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे करीब 15 नागरिकों ने अवैध निर्माण, भवन मानचित्र, विकास कार्य, सड़क, जल निकासी, भूमि विवाद तथा अन्य जनसुविधाओं से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कई मामलों में शिकायतों के त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया भी मौके पर ही शुरू कराई गई।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहने दिया जाएगा।

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का विधिसम्मत एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, क्षेत्रीय अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *