देहरादून में दिव्यांग वैवाहिक प्रोत्साहन योजना के तहत पहली ₹50 हजार सहायता स्वीकृत

देहरादून ,

दिव्यांगजनों के सामाजिक सशक्तिकरण, आर्थिक सहयोग और सम्मानजनक वैवाहिक जीवन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने दिव्यांग वैवाहिक प्रोत्साहन अनुदान योजना के अंतर्गत पहली ₹50,000 की प्रोत्साहन सहायता स्वीकृत की है।

समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस योजना के तहत अमजद, पुत्र अब्दुल हमीद, निवासी शंकरपुर, हकूमतपुर (देहरादून) को ₹50,000 की प्रोत्साहन धनराशि प्रदान किए जाने की मंजूरी दी गई है। योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ-साथ उनके सम्मानजनक वैवाहिक जीवन को प्रोत्साहित करना है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने जनपद के पात्र दिव्यांगजनों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि ऐसे दंपति, जिनमें पति-पत्नी दोनों दिव्यांग हों अथवा पति या पत्नी में से कोई एक दिव्यांग हो और जिनका विवाह निर्धारित पात्रता अवधि के भीतर संपन्न हुआ हो, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने संबंधित विकासखंड कार्यालय में तैनात सहायक समाज कल्याण अधिकारी के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें सामाजिक मुख्यधारा से जोड़ना, आत्मनिर्भर बनाना और सम्मानजनक जीवन के लिए प्रोत्साहित करना है। पात्र आवेदकों से समयबद्ध रूप से आवेदन करने का आग्रह किया गया है, ताकि नियमानुसार परीक्षण के बाद उन्हें शीघ्र योजना का लाभ मिल सके।

योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक आवेदक जिला समाज कल्याण कार्यालय, देहरादून अथवा अपने संबंधित विकासखंड के सहायक समाज कल्याण अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *