देहरादून ,
प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में खेल विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर खिलाड़ियों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को वर्ष 2025 के राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी देने के लिए आगामी कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि लेगेसी योजना के तहत वर्तमान में अस्थायी रूप से संचालित 23 खेल अकादमियों को स्थायी रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक पदों के सृजन का प्रस्ताव भी तैयार किया जाए। इसके अलावा लगभग 243 राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को खेल अकादमियों, प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय और अन्य विभागों में आउट ऑफ टर्न नियुक्ति के माध्यम से समायोजित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अन्य विभागों में आउट ऑफ टर्न नियुक्त खिलाड़ियों को उनके मूल विभाग में ही प्रतिनियुक्ति (डेप्यूटेशन) पर तैनात करने संबंधी प्रस्ताव भी तैयार किया जाए।
29 अगस्त को होगा खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास
खेल मंत्री ने बताया कि 29 अगस्त 2026, राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गौलापार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उत्तराखंड खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया जाएगा। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
नई खेल नीति में मिलेगा पारंपरिक और पैरा खेलों को बढ़ावा
बैठक में राज्य की नई खेल नीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि पुरानी खेल नीति की कमियों को दूर करते हुए नई नीति को भारत सरकार की खेल नीति के अनुरूप तैयार किया जाएगा। इसमें पारंपरिक खेलों, पैरा एथलीटों और बौने (ड्वार्फ) खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रावधान शामिल किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नई खेल नीति तैयार करने से पहले खिलाड़ियों और आम जनता से सुझाव भी आमंत्रित किए जाएंगे। उपयोगी सुझावों को नीति में शामिल करने के साथ संबंधित व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
बैठक में विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह, महाराणा प्रताप खेल परिसर के प्रिंसिपल राजेश ममगाईं, संयुक्त निदेशक खेल अजय अग्रवाल सहित खेल विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।