देहरादून ,
मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से 7 जुलाई 2026 तक अपना गणना प्रपत्र अनिवार्य रूप से जमा करने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में पंजीकृत 13.76 लाख मतदाताओं में से 11.86 लाख से अधिक मतदाता अपना गणना प्रपत्र जमा कर चुके हैं। इनमें 99.98 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूरा हो चुका है। हालांकि अभी भी 1,90,588 मतदाताओं ने अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर गणना प्रपत्र जमा करना प्रत्येक पात्र मतदाता की जिम्मेदारी है। जो नागरिक दिन के समय घर पर उपलब्ध नहीं रहते, वे ईसीआईनेट एप या ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा का उपयोग कर अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं और समय पर अपना गणना प्रपत्र जमा कर सकते हैं।
डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि उत्तराखंड के मतदाता वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपना अथवा अपने माता-पिता या दादा-दादी का नाम मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर खोज सकते हैं। वहीं अन्य राज्यों के मतदाता निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अंतिम एसआईआर मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी क्यूआर कोड के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
जिलाधिकारी ने अंतिम अपील करते हुए कहा कि गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 7 जुलाई 2026 है और अब केवल तीन दिन शेष हैं। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अंतिम समय का इंतजार किए बिना समय रहते गणना प्रपत्र जमा कर अपने लोकतांत्रिक अधिकार को सुरक्षित रखने का आग्रह किया।