जज के पिता से मारपीट मामले में SSP की बड़ी कार्रवाई, धारा चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर – uttarakhandawaaz.in

जज के पिता से मारपीट मामले में SSP की बड़ी कार्रवाई, धारा चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर

देहरादून ,

राजधानी देहरादून में जज के पिता के साथ मारपीट और शिकायत दर्ज करने में कथित लापरवाही के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेन्द्र डोभाल ने सख्त कार्रवाई की है। मामले में धारा चौकी इंचार्ज विनियता चौहान को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, जज के पिता के साथ मारपीट की घटना के बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी थी। आरोप है कि शिकायत मिलने के बावजूद करीब तीन दिनों तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके अलावा शिकायतकर्ता के साथ चौकी में कथित रूप से दुर्व्यवहार किए जाने की बात भी सामने आई।

मामला संज्ञान में आते ही SSP प्रमेन्द्र डोभाल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धारा चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को मामले में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

SSP प्रमेन्द्र डोभाल ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक नागरिक को अपनी शिकायत दर्ज कराने का अधिकार है। पुलिस का दायित्व है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायतकर्ता के साथ अनुचित व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *