श्रमिक कल्याण योजनाओं के तहत 4400 से अधिक लाभार्थियों को 11 करोड़ की सौगात, सीएम धामी ने किया डीबीटी हस्तांतरण

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 4400 से अधिक श्रमिक लाभार्थियों के खाते में डीबीटी के माध्यम से करीब 11 करोड़ रुपये की धनराशि का हस्तांतरण किया।

मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने बोर्ड की विवाह उपरांत सहायता, मृत्यु उपरांत अनुदान, प्रसूति सुविधा और शिक्षा सहायता योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में वन क्लिक के माध्यम से सहायता राशि भेजी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को उनके कार्यस्थल के आसपास ही आवश्यक सामग्री वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण, उनके आश्रित बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने और जीवनोपयोगी सामग्री वितरण के लिए विशेष शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखने और सूचना प्रौद्योगिकी के बेहतर उपयोग के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि योजनाओं का लाभ केवल पात्र श्रमिकों तक ही पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि बोर्ड द्वारा पिछले एक वर्ष में 24,323 श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 93 करोड़ 06 लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है।

इस अवसर पर कैलाश पंत (राज्य सलाहकार, संविदा बोर्ड), गीता रावत (अध्यक्ष, सतर्कता समिति), मोहिनी पोखरिया (उपाध्यक्ष, राज्य सतर्कता समिति), अपर सचिव विनीत कुमार, उप श्रम आयुक्त विपिन कुमार, सहायक श्रम आयुक्त शैलेश सती, वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञ दुर्गा चमोली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रम आयुक्त प्रकाश चन्द्र दुम्का ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *