विकासनगर ,
सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में खेतों की सिंचाई के पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें भाजपा से जुड़े किसान नेता विनोद कुमार की मौत हो गई। घटना में उनके परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। इस घटना के बाद पूरे पवादून क्षेत्र में आक्रोश और तनाव का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच खेतों में पानी छोड़ने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार को यह विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों और विभिन्न संगठनों में भारी नाराजगी फैल गई।
जनाक्रोश के बीच आगजनी और पथराव
रविवार को मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता बैरागीवाला पहुंचे। प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच कई दौर की वार्ता हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी।
वार्ता विफल होने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और आक्रोशित भीड़ ने घटना स्थल के पास स्थित एक भूसे के गोदाम में आग लगा दी। कुछ स्थानों पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव भी किया गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
आरोपियों के अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर
बढ़ते जनदबाव और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों से पक्की दीवारों, शेड और अन्य अवैध ढांचों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने प्रशासन के समर्थन में नारेबाजी भी की।
चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
दून पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 12 नामजद आरोपियों समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
मुख्यमंत्री और विधायक ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि देवभूमि की शांति और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करने वाली हिंसक मानसिकता को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि यह केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला है। उन्होंने आश्वस्त किया कि हत्या में शामिल अपराधियों, उन्हें संरक्षण देने वालों और क्षेत्र में अराजकता फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र सिंह डोभाल ने कहा कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून को अपने हाथ में न लेने की अपील की।
फिलहाल बैरागीवाला और आसपास के क्षेत्रों में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। कई थानों की पुलिस, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारी क्षेत्र में तैनात हैं तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
