देहरादून ,
सहसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बैरागीवाला में खेत में पानी छोड़ने के विवाद ने शनिवार शाम हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 13 जून की शाम ग्राम बैरागीवाला में खेत में पानी चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष के रज्जाक, अमन, यूनूस, जावेद, इम्तियाज, शहबाज, शराफत अली, मासूम, आदिल, शमून, सलमान, इंतेजार समेत 30 से 40 अन्य लोगों ने दूसरे पक्ष के अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार के साथ मारपीट की। घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को ग्रामीणों की मदद से उपचार के लिए लेहमन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान विनोद कुमार की मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और पिछले दो-तीन दिनों से खेत में पानी छोड़ने को लेकर कहासुनी हो रही थी।
मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर सहसपुर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत नामजद आरोपियों समेत 30-40 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों रज्जाक पुत्र मासूम, सलमान पुत्र यूनुस, जावेद पुत्र मासूम और शहबाज पुत्र शहीद को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार सभी आरोपी ग्राम बैरागीवाला, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून के निवासी हैं।