कड़ी सुरक्षा के बीच देहरादून में संपन्न हुई स्नातक स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा

देहरादून ,

उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित स्नातक स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा रविवार को जनपद देहरादून के 116 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों को सघन जांच और फिक्सिंग प्रक्रिया के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश की अनुमति दी गई। वहीं, केंद्रों के भीतर और बाहर की गतिविधियों पर पुलिस की लगातार नजर बनी रही।

पुलिस अधीक्षक नगर और देहात के साथ ही सभी क्षेत्राधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इसके अलावा, परीक्षा केंद्रों के आसपास पुलिस टीमें लगातार गश्त करती रहीं और किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को रोकने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखी गई। पुलिस की सतर्कता और समुचित व्यवस्थाओं के चलते जनपद के सभी 116 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *