देहरादून में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई

देहरादून ,

होल्कर एजुकेशनल ट्रस्ट, देवी अहिल्याबाई होल्कर उत्सव समिति (उत्तराखण्ड) एवं एडिफाई वर्ल्ड स्कूल, देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में लोकमाता पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, सम्मान समारोह तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, समाजसेवियों, शिक्षाविदों और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखण्ड सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा रहे। वहीं पद्म भूषण से सम्मानित एवं उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री तथा महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का देवी अहिल्याबाई होल्कर उत्सव समिति द्वारा प्रथम नागरिक अभिनंदन किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में लोकपाल सिंह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ पार्थिव शिवलिंग पूजन, महारुद्राभिषेक, वैदिक मंत्रोच्चार, महाआरती एवं देवी अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। वक्ताओं ने देवी अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श शासन, न्यायप्रियता, महिला सशक्तिकरण, धर्म संरक्षण तथा जनकल्याणकारी कार्यों पर प्रकाश डालते हुए उनके जीवन को वर्तमान समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की ऐसी महान शासक थीं जिन्होंने न्याय, सेवा, करुणा और धर्म के आधार पर आदर्श शासन स्थापित किया। उन्होंने देशभर में अनेक मंदिरों, घाटों एवं तीर्थस्थलों का जीर्णोद्धार कर भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के संरक्षण में अमूल्य योगदान दिया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण “देवी अहिल्याबाई होल्कर सम्मान समारोह” रहा, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 55 विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया गया। शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, महिला सशक्तिकरण, संस्कृति, युवा विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

इसके अतिरिक्त समर कैंप 2025-26 में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने खेल, तैराकी, कला एवं शिल्प, व्यक्तित्व विकास तथा साहसिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई। अतिथियों ने प्रतिभागियों के उत्साह और प्रदर्शन की सराहना की।

विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे (महाप्रसाद) का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और अतिथियों ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम के संयोजक एडवोकेट पंकज होल्कर, अनिल कुमार पाल, डी.के. पाल, राजेश पाल, सुभे सिंह पाल, शशांक पाल, बबलू पाल, एडवोकेट ओम प्रकाश पाल, यशवंत पाल, सुभाष चंद पाल, राज कुमार पाल एवं शेर सिंह पाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में एडिफाई वर्ल्ड स्कूल, देहरादून के प्रधानाचार्य प्रदीप गौड़ ने सभी अतिथियों, सम्मानित विभूतियों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *