उत्तराखण्ड में मौसम बदलेगा करवट, कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट

देहरादून ,

उत्तराखण्ड में भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने के आसार हैं। India Meteorological Department देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में राज्य के कई जनपदों में वर्षा, गर्जन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग द्वारा 28 मई 2026 के लिए उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जो कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं।

इसके अलावा राज्य के अन्य जनपदों में भी गर्जन और आकाशीय बिजली के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है।

29 मई 2026 को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि के साथ भारी बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। विशेष रूप से उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है।

मौसम विभाग ने 30 और 31 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित जिलों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और तेज हवाओं व आकाशीय बिजली के समय पेड़ों, बिजली के खंभों तथा कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *