STF और काठगोदाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 किलो से अधिक चरस बरामद

हल्द्वानी ,

उत्तराखंड STF की एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना काठगोदाम क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर 05 किलो 02 ग्राम चरस बरामद की है। कार्रवाई के दौरान दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।

एसटीएफ के अनुसार, राज्य में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर नशा कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं टीम ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर सटीक कार्रवाई करते हुए थाना काठगोदाम क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रवीण आर्य पुत्र कुशल राम निवासी दमुआढुंगा, थाना काठगोदाम, नैनीताल तथा बलवंत सिंह पुत्र गोपाल सिंह निवासी पंचायत घर हल्द्वानी, नैनीताल, मूल निवासी बागेश्वर के रूप में हुई है।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे जनपद बागेश्वर से चरस खरीदकर लाते थे और उसे नैनीताल तथा उधमसिंह नगर क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचते थे। एसटीएफ अब आरोपियों के फारवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगालने में जुटी है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *