देहरादून में अवैध बहुमंजिला व्यवसायिक भवन सील, एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई

देहरादून ,

देहरादून में अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने रेसकोर्स क्षेत्र में एक अवैध बहुमंजिला व्यवसायिक भवन को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया है।

एमडीडीए के संयुक्त सचिव प्रत्यूष सिंह के निर्देश पर प्राधिकरण की टीम ने 03 रेसकोर्स स्थित अमरजीत सिंह द्वारा कराए जा रहे व्यवसायिक निर्माण पर कार्रवाई की। मौके पर पहुंची टीम ने भवन को सील करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि बिना स्वीकृति निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

प्राधिकरण के अनुसार संबंधित निर्माण स्वीकृत मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया था। लगातार मिल रही शिकायतों और जांच के बाद यह कार्रवाई की गई। सीलिंग अभियान के दौरान सहायक अभियंता निषांत कुकरेती, अवर अभियंता जयदीप राणा, सुपरवाइजर और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने नागरिकों से भवन निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक मानचित्र स्वीकृति और अनुमति लेने की अपील की है।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून का सुनियोजित विकास प्राधिकरण की प्राथमिकता है और नियमों की अनदेखी कर किए जा रहे अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और भविष्य की शहरी योजना को ध्यान में रखते हुए निर्माण मानकों का पालन बेहद आवश्यक है।

वहीं, एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जा रहा है। रेसकोर्स स्थित भवन पर नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की गई है और संबंधित पक्ष को पहले नोटिस भी जारी किए गए थे। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना अनुमति निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *