देहरादून में आईपीएल सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

देहरादून ,

देहरादून पुलिस और उत्तराखंड एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा हुआ है। बसंत विहार क्षेत्र में किराये के फ्लैट से संचालित इस नेटवर्क से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में गिरोह के तार दुबई से संचालित प्रतिबंधित महादेव एप और रेडीबुक बैटिंग एप से जुड़े पाए गए हैं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आईपीएल मैचों के दौरान बड़े स्तर पर ऑनलाइन सट्टेबाजी कराई जा रही है। इसके बाद पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने ऋषि विहार कॉलोनी स्थित एक फ्लैट पर देर रात छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पांच युवक मोबाइल और लैपटॉप के जरिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सट्टा संचालित करते पकड़े गए।

छापेमारी में 3 लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 22 एटीएम कार्ड, इंटरनेट उपकरण और सट्टेबाजी से जुड़ा डिजिटल डेटा बरामद किया गया। आरोपियों के खिलाफ बसंत विहार थाना में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रेडीबुक बैटिंग एप के माध्यम से सट्टा चलाते थे। एप का एक्सेस और लॉगिन आईडी उन्हें सुमित यादव नामक व्यक्ति से मिलती थी, जो दिल्ली-गुरुग्राम क्षेत्र से नेटवर्क संचालित कर रहा था। पुलिस के अनुसार, पूरा सिस्टम दुबई से कंट्रोल किया जा रहा था। आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप और ऑनलाइन लिंक के जरिए लोगों को जोड़कर बैंक खातों में रकम जमा करवाते और आईपीएल मैचों पर दांव लगवाते थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि सुमित यादव पहले महादेव बैटिंग एप से भी जुड़ा रहा है। भारत में महादेव एप पर प्रतिबंध लगने के बाद उसने रेडीबुक बैटिंग एप के जरिए काम शुरू किया। पुलिस अब बरामद मोबाइल, लैपटॉप और बैंक खातों की जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

गिरफ्तार आरोपियों में सरगुजा निवासी सुनील शर्मा, संदीप गुप्ता, अकरंद शर्मा और अभिषेक शर्मा के अलावा औरंगाबाद निवासी संदीप कुमार शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *