देहरादून ,
देहरादून में किशोरियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के निर्देश पर प्रतिरक्षण प्रकोष्ठ की टीम विभिन्न विद्यालयों में जाकर छात्राओं को इस गंभीर बीमारी और उससे बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दे रही है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत कई प्रमुख स्कूलों में कार्यशालाएं आयोजित की गईं, जिनमें 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 900 से अधिक किशोरियों ने भाग लिया। इन कार्यशालाओं में छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण और इसके संभावित दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया गया।
अभियान के दौरान भारत सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे एचपीवी (HPV) टीकाकरण के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और भविष्य में इस बीमारी से बचाव के लिए टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही जानकारी दी गई कि जिला चिकित्सालय गांधी शताब्दी में स्थापित मॉडल टीकाकरण केंद्र पर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक निःशुल्क टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभिभावकों और शिक्षकों से भी अपील की है कि वे किशोरियों को एचपीवी टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करें। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए जिला प्रतिरक्षण कार्यालय या हेल्पलाइन नंबर 104 पर संपर्क किया जा सकता है।