आपदा प्रबंधन की जमीनी समझ: प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों का SDRF मुख्यालय दौरा

देहरादून ,

उत्तराखण्ड पुलिस के तत्वावधान में 25 अप्रैल 2026 को सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के 78वें आरआर बैच के 84 प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों ने जॉलीग्रांट स्थित राज्य आपदा प्रतिवादन बल मुख्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरे का उद्देश्य भावी पुलिस अधिकारियों को आपदा प्रबंधन की वास्तविक परिस्थितियों और समन्वित बचाव कार्यों की गहन समझ प्रदान करना था।

यह कार्यक्रम उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जबकि दल का नेतृत्व अकादमी के उपनिदेशक अरविंद सुकुमार ने किया।

भ्रमण के दौरान SDRF कमांडेंट अर्पण यदुवंशी ने अधिकारियों को बल की कार्यप्रणाली, संगठनात्मक ढांचे और आपदा के समय अपनाई जाने वाली त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड जैसे संवेदनशील राज्य में SDRF, राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के बीच समन्वय अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।

प्रशिक्षु अधिकारियों को सिलक्यारा टनल रेस्क्यू, धराली और रेणी क्षेत्र में चलाए गए प्रमुख बचाव अभियानों की जानकारी भी दी गई। इन अभियानों के माध्यम से उन्हें दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, प्रतिकूल मौसम और सीमित संसाधनों के बीच कार्य करने की चुनौतियों से अवगत कराया गया।

इस दौरान SDRF टीम द्वारा आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरणों का प्रदर्शन किया गया, जिससे अधिकारियों को नवीन तकनीकों और उनके उपयोग की जानकारी मिली। साथ ही उत्तराखंड की कानून-व्यवस्था, पुलिसिंग प्रणाली और आपदा के दौरान पुलिस की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।

मालदीव, नेपाल और भूटान सहित विभिन्न देशों के प्रशिक्षु अधिकारियों ने इस भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि इस अनुभव से उन्हें आपदा प्रबंधन, त्वरित राहत कार्य और आधुनिक उपकरणों के संचालन की व्यावहारिक समझ मिली।

प्रशिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस प्रकार के अध्ययन भ्रमण से व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त होता है, जो प्रशिक्षण प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *