देहरादून में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा: सीएमओ स्वयं फील्ड में उतरे, लगे स्वास्थ्य शिविर

देहरादून ,

देहरादून में गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य तथा सुरक्षित प्रसव को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में मंगलवार को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के ब्रह्मपुरी-माजरा इलाके में स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने 137 गर्भवती महिलाओं और 16 बच्चों की स्वास्थ्य जांच की। इस दौरान 15 उच्च जोखिम गर्भावस्था (एचआरपी) मामलों की पहचान की गई तथा 6 नई एएनसी पंजीकरण भी किए गए। लाभार्थियों को निःशुल्क दवाइयां और रक्त जांच की सुविधा भी प्रदान की गई।

शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसे समुदाय के सहयोग से ही सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने परिवारजनों से अपील की कि गर्भवती महिलाओं की कम से कम चार एएनसी जांच अवश्य कराई जाएं और प्रसव केवल अस्पताल में ही कराया जाए। साथ ही जनप्रतिनिधियों से होम डिलीवरी की प्रथा को हतोत्साहित करने का आह्वान किया गया।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एनएचएम) डॉ. निधि रावत ने आशा कार्यकत्रियों को निर्देश दिए कि वे घर-घर अभियान चलाकर आगामी तीन माह में प्रसव संभावित महिलाओं की पहचान करें और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।

इसके अतिरिक्त चकराता ब्लॉक के कोटी कनसर क्षेत्र और हसनपुर शेरपुर में भी स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों का उद्देश्य होम डिलीवरी को रोकना, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना और उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।

जनपद में संस्थागत प्रसव को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के लिए आशा कार्यकत्रियों, एएनएम और स्वास्थ्य टीमों द्वारा घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही कंट्रोल रूम से गर्भवती महिलाओं को कॉल कर स्वास्थ्य जांच और अस्पताल में प्रसव के लिए परामर्श भी दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *